रिपोर्ट-विनय गुप्ता
प्रयागराज : शहर में बैरहना से मलॉक राज इंद्रपुरी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर रेलवे लाइन के विस्तार के कारण वर्षों से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए इस मार्ग पर अंडरपास एवं फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य का शिलान्यास रविवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी तथा इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि शहर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अंडरपास और फुट ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। वहीं विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा कि रेलवे लाइन विस्तार के बाद उत्पन्न हुई समस्याओं के समाधान के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के लोगों को जाम व आवागमन की परेशानियों से काफी राहत मिलेगी। इस परियोजना को मूर्त रूप देने में क्षेत्रीय पार्षद आकाश सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित इस मांग को पूरा कराने में उन्होंने लगातार जनहित की आवाज उठाई। उपस्थित नागरिकों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व पार्षद मनोज मिश्रा, शिवेंद्र मिश्रा, मृत्युंजय तिवारी, अमर सिंह, नवीन सिंह पटेल, विनय मिश्रा, आशीष गौतम, प्रमोद पांडेय, सनी सोनकर, अनिल गोस्वामी, अजय तिवारी, राजकुमारी प्रजापति, आभा सिंह, मीनू पांडेय, नरेंद्र जायसवाल, सीमा सागर, राधिका, गुलशन बेगम, मंजू रानी दुबे, हर्षवर्धन, रविशंकर शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने कहा कि अंडरपास और फुट ओवरब्रिज बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
0 Comments