रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से एक शव लेकर झारखंड जा रही एंबुलेंस नंदमई मोड़ के पास अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस सवार छह लोग घायल हो गए, जबकि शव दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस में ही सुरक्षित रखा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू भेजा। घायलों में एंबुलेंस चालक आकाश, मंजू (28 वर्ष), जाह्नवी (6 वर्ष), अंजलि (7 वर्ष), ललिता देवी (42 वर्ष) और हरखू (35 वर्ष) शामिल हैं। इनमें अंजलि की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार एंबुलेंस दिल्ली से शव लेकर झारखंड जा रही थी। दुर्घटना के बाद शव को फिलहाल एंबुलेंस में ही रखा गया है। मृतक के अन्य रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद शव को गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
0 Comments