रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जिले में आगामी 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए महोबा प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डीएवी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा मुकुंद लाल राजकीय इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए बनाए गए गेट प्लान, बैरिकेडिंग, चरणबद्ध प्रवेश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण संबंधी इंतजामों की समीक्षा की। डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही मेटल डिटेक्टर, हैंड-हेल्ड स्कैनर और अभ्यर्थियों की सघन जांच व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, छाया तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों एवं मजिस्ट्रेटों को पूर्ण सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके। महोबा प्रशासन और पुलिस ने आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को पूर्ण पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
0 Comments