रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने चार लोगों पर घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट, अभद्रता और सोने का मंगलसूत्र छीनने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता सांवरी देवी पत्नी निवासी थाना क्षेत्र मंझनपुर ने आरोप लगाया कि 30 मई 2026 की शाम करीब 8 बजे वह अपने जानवरों के बाड़े में भैंसों को चारा-पानी दे रही थी। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन से पहुंचे चार लोग कथित रूप से उसके घर में घुस आए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की, कपड़े फाड़ दिए और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला के अनुसार, शोर मचाने पर आरोपी उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। उसकी चीख-पुकार सुनकर पति और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी कथित रूप से गाली-गलौज, धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी जाते समय उसके गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीन ले गए।
महिला ने सरद पाल, जय सिंह पटेल, रामनारायण उर्फ पवन सिंह तथा अभय सिंह को नामजद करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत प्राप्त होने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।
0 Comments