रिपोर्ट-जैगम हलीम
प्रयागराज : घूरपुर थाना क्षेत्र की कर्मा चौकी अंतर्गत चकिया डेरा कर्मा गांव में सोमवार देर रात एक व्यक्ति की उसके चचेरे भाई और उसके बेटों द्वारा कथित रूप से चापड़ से हमला कर निर्मम हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गए, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। मिली जानकारी के अनुसार चकिया डेरा कर्मा निवासी तिलकधारी भारतीय (55) पुत्र स्वर्गीय रामदुलार भारतीय की सोमवार रात लगभग दो बजे हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी शिमला देवी ने आरोप लगाया कि गांव के ही उनके चचेरे देवर गंगालाल भारतीय और उसके पुत्र श्यामबाबू, लक्ष्मण, शक्तिमान, आकाश सहित अन्य लोगों ने घर में घुसकर तिलकधारी पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शिमला देवी के अनुसार कुछ दिन पहले उनके देवर अर्जुन के पुत्र द्वारा गंगालाल की बेटी को लेकर घर से चले जाने के मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इस संबंध में गंगालाल ने कर्मा पुलिस चौकी में तहरीर भी दी थी और कई बार जान से मारने की धमकी दी थी।
बाद में गांव के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था, जिसके चलते उन्होंने किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं कराई। पीड़िता का आरोप है कि घटना से कुछ घंटे पहले गंगालाल उनके घर आया था और पुराने विवाद को लेकर समझौते की बात कर शांतिपूर्वक वापस चला गया था। लेकिन देर रात उसने अपने बेटों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, पांच बेटियां और दो बेटे छोड़ गया है। इनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां और दो बेटे अभी अविवाहित हैं।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही घूरपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
0 Comments