Ticker

6/recent/ticker-posts

एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या, कुकुरकटवा गांव में फैली सनसनी...

रिपोर्ट-राजकुमार

प्रयागराज : मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों ने घर में घुसकर श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी तथा कल्लू की भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह जब ग्रामीणों को घर के अंदर शव पड़े होने की जानकारी मिली तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची मेजा थाना पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। तिहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और जांच-पड़ताल की।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हत्या के पीछे की वजहों की पड़ताल में जुटी है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं पर काम किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments