रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पूरब शरीरा गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी अपनी सहेलियों के साथ खेत की ओर गई थी। आरोप है कि लौटते समय गांव का ही युवक राहुल सरोज उसे जबरन अपने साथ खेत की ओर ले गया। देर शाम तक किशोरी के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि राहुल सरोज उनकी बेटी को उठाकर ले गया था। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष के कुछ लोगों ने धमकी दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है।
काफी खोजबीन के बाद भी किशोरी का पता न चलने पर परिजनों ने पश्चिम शरीरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर राहुल सरोज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
0 Comments