रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के भीटी देह माफी गांव के सामने बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे ट्रैक पर एक वृद्ध के ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान दुखीलाल पुत्र सत्तन (65 वर्ष) निवासी दक्षिण थोक, नगर पंचायत चरवा, थाना चरवा, जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त की। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments