Ticker

6/recent/ticker-posts

ग्रामीणों ने किया छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित वारंटी की गिरफ्तारी के लिए इचौली गांव में दबिश देने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे और उन्होंने स्थानीय कोखराज पुलिस को अपने अभियान की पूर्व सूचना नहीं दी थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें संदिग्ध समझ लिया और गांव में शोर मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आरोप है कि वांछित आरोपी को बचाने के प्रयास में पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलने में सफल रहे, जबकि तीन पुलिसकर्मी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए और उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।


वहीं मामले में कोखराज पुलिस का कहना है कि छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम एनडीपीएस के वांछित वारंटी को गिरफ्तार करने आई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस का यह भी कहना है कि ग्रामीणों ने आरोपी को बचाने के उद्देश्य से पुलिस टीम पर हमला किया। घटना के संबंध में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments