Ticker

6/recent/ticker-posts

थाने से लौटते समय ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, परिजनों ने उठाई गिरफ्तारी की मांग...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह

प्रयागराज : सरायइनायत थाना क्षेत्र के सरायनुरूद्दीनपुर गांव निवासी ग्राम प्रधान पर थाने से लौटते समय कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित ग्राम प्रधान के परिवार में नाराजगी है। परिवार ने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित मनोज कुमार बिंद पुत्र भुवरलाल बिंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 20/21 जून 2026 की रात ग्राम प्रधान होने के नाते गांव में आई एक बारात के दौरान हुए विवाद के संबंध में वह अपने भाई सुभाष बिंद तथा कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ सरायइनायत थाने गया था। आरोप है कि रात करीब 1:30 बजे जब वह अपने भाई के साथ थाने से बाहर निकला, तभी वहां राजबली बिंद (पूर्व प्रधान शफुद्दीनपुर), उसका पुत्र हीरा, भतीजा करन तथा एक अन्य व्यक्ति मिल गए। तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने सुभाष बिंद को देखते ही गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। आरोप है कि राजबली बिंद ने अपने साथियों को उकसाते हुए सुभाष को जान से मारने की बात कही, जिसके बाद सभी ने पास में पड़ी ईंटों से उस पर हमला कर दिया।

हमले में सुभाष बिंद के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब तक आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते, तब तक आरोपी सुभाष को मरा समझकर मौके से फरार हो गए। घायल सुभाष को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मनोज कुमार बिंद का आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और सामाजिक बैठकों में भी शामिल हो रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि गांव के एक पूर्व प्रधान की शह पर घटना को अंजाम दिया गया और कुछ दिन पहले उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments