रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादपुर गांव में एक नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मुरादपुर गांव निवासी बबली पत्नी सूरज का शव बीती रात घर के कच्चे मकान की धन्नी में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई अरविंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि लगभग दो वर्ष पूर्व उसकी बहन की शादी सूरज पुत्र फूलचंद्र के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसकी बहन को प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी बहन की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया और इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
मायके पक्ष के परिजनों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सूचना पर पहुंची पिपरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
0 Comments