ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : चायल तहसील क्षेत्र के ग्राम सैते (भरवारी) में भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति की मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में किसानों एवं मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया और उनके समाधान की मांग की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के कई बुजुर्गों को 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बावजूद वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं पात्र महिलाओं को विधवा पेंशन दिलाए जाने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। पंचायत में किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ क्रय केंद्रों पर बिचौलियों के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है, जिससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से प्रभावी कार्यवाही की मांग की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई बार किसानों और मजदूरों के खिलाफ बिना पर्याप्त कारण के धारा 151 समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें परेशान किया जाता है। संगठन के पदाधिकारियों ने उच्च अधिकारियों से ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी और भ्रष्ट अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की।
पंचायत को संबोधित करते हुए प्रयागराज मंडल अध्यक्ष जालंधर सिंह पटेल ने कहा कि किसानों और मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। इस अवसर पर ग्राम अध्यक्ष कमलेश भारतीय, महिला प्रकोष्ठ की ग्राम अध्यक्ष मालती देवी, ब्लॉक अध्यक्ष मन देवी, उमा देवी, संदीप कुमार भारतीय, राहुल पटेल सहित संगठन के कई पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
0 Comments