Ticker

6/recent/ticker-posts

आपसी सौहार्द से मनाएं मोहर्रम, नई परंपरा शुरू न करें-जिलाधिकारी...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन

महोबा : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी सेगजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार मोहर्रम का आयोजन पूर्व वर्षों की भांति किया जाएगा तथा कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। ताजियों की ऊंचाई नियंत्रित रखने तथा निर्धारित मार्गों पर ही जुलूस निकालने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्युत तारों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने विद्युत विभाग को जर्जर एवं लटकते तारों की मरम्मत कराने तथा नगर निकायों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्व के दौरान एम्बुलेंस एवं चिकित्सा सेवाएं सक्रिय रखने को कहा गया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़भाड़ की स्थिति से बचने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने धर्मगुरुओं से अपील की कि वे किसी भी धार्मिक आयोजन की सूचना संबंधित थाने को अवश्य दें तथा किसी भी अफवाह, संदिग्ध व्यक्ति या अराजक तत्व की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कहा कि महोबा में सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुंवर पंकज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विनय कुमार, एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे, एसडीएम चरखारी डॉ. प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारीगण, नगर पालिका के अधिकारी, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी, समाजसेवी शिव कुमार गोस्वामी, अल्ताफ हुसैन, शहर काजी आफाक हुसैन सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से मोहर्रम का पर्व आपसी सौहार्द, शांति और समरसता के साथ मनाने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments