Ticker

6/recent/ticker-posts

झाड़-फूंक के भरोसे गंवाई जान, जहरीले जंतु के काटने से अधेड़ की मौत...

रिपोर्ट-राजकुमार

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव में अंधविश्वास के कारण एक 50 वर्षीय अधेड़ की जान चली गई। जहरीले जंतु के काटने के बाद परिजनों ने तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पूरी रात झाड़-फूंक और घरेलू उपचार का सहारा लिया। हालत गंभीर होने पर जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार गौसपुर गांव निवासी नरेश कुमार (50) पुत्र दुखीलाल शनिवार रात गंगा में मछली पकड़ने गए थे। रात में वह एक आश्रम के चबूतरे पर सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी, लेकिन उन्हें तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इलाज के बजाय झाड़-फूंक की जाती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों के अनुसार पूरी रात इसी प्रक्रिया में समय बीत गया, जबकि गांव में ही सरकारी अस्पताल उपलब्ध था।

रविवार सुबह हालत अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। नरेश कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी ननकी देवी, तीन बेटियां नीता, मनीषा और रीता तथा दो बेटे अभिषेक और अमन हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। समाचार लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जनहित में अपील...

सांप, बिच्छू या किसी भी जहरीले जंतु के काटने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा न लें। ऐसे मामलों में मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। समय पर मिला चिकित्सकीय उपचार ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।

Post a Comment

0 Comments