Ticker

6/recent/ticker-posts

कार की डिग्गी में मिले शव का खुलासा, शराब पीने के दौरान हुआ विवाद...

रिपोर्ट-संदीप कुमार 

कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव के एक खेत में खड़ी स्विफ्ट कार की डिग्गी में मिले युवक के शव की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट समेत मृतक के मोबाइल फोन और पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को महमदपुर गांव के एक खेत में खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट कार की डिग्गी में शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रवि यादव निवासी बलीपुर जैतवार डीह, थाना थरवई, प्रयागराज के रूप में की। रवि 12 सितंबर की रात अपने मामा के लड़कों के साथ महमदपुर आया था। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर गठित टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर फनगांव वाटर पार्क के पास से संदीप यादव और शानू यादव, दोनों निवासी यादवपुर थाना धूमनगंज, प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में पुलिस के मुताबिक संदीप ने बताया कि दोनों रवि के साथ महमदपुर गांव के बाहर अर्धनिर्मित प्लॉट पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान विवाद होने पर उसने ईंट से रवि के चेहरे, सीने और सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को कार की डिग्गी में रखा और कार लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन कार खेत में फंस गई। इसके बाद दोनों कार छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आला कत्ल ईंट, मृतक के दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र और दो डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments