Ticker

6/recent/ticker-posts

छेड़खानी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में फैला तनाव...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजिहिनी खालसा पुरवा में गुरुवार सुबह छेड़खानी के शक में एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, उजिहिनी खालसा पुरवा निवासी रवेन्द्र (30) पुत्र स्वर्गीय राम खेलावन गुरुवार सुबह करीब आठ बजे खेत की ओर गया था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के मूलचंद्र, लाला, सोनू, मोनू समेत अन्य लोगों ने उसे गांव से बाहर जंगल की ओर घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हमले में रवेन्द्र गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रवेन्द्र को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने लगी, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

छेड़खानी के आरोप को लेकर हुआ था विवाद...

परिजनों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले मूलचंद्र के परिवार की ओर से रवेन्द्र पर एक लड़की से छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि अगले दिन इसी रंजिश में रवेन्द्र को घेरकर पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस छेड़खानी के आरोप और हत्या की वास्तविक वजह समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नामजद बताए जा रहे आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया गया कि रवेन्द्र के माता-पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में अब उसकी पत्नी ही रह गई है। दंपती की कोई संतान नहीं है। मृतक की बहन गुड़िया देवी ने बताया कि भाई की मौत के बाद उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments