Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला अस्पताल पहुंचे नवागत डीएम, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : नवागत जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी, औषधि वितरण कक्ष और पैथोलॉजी सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, मरीजों को मिलने वाली उपचार सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उनकी राय भी जानी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। आवश्यक दवाएं मरीजों को समय से उपलब्ध कराने के साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। डीएम ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार को अस्पताल की खिड़कियों में जाली लगवाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments